Saturday, July 17, 2010

बाबा बर्फानी की पवित्र यात्रा

बाबा बर्फानी गुफा की खोज 16वीं शताब्दी में एक मुसलमान गडरिए ने की थी। हालांकि यात्रा की संपूर्ण व्यवस्था श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड संभालता है, लेकिन आज भी चढावे का चौथा हिस्सा उस परिवार के वंशजों को जाता है। अस्वस्थ और चलने में अक्षम यात्रियों को पौनी पर बिठाकर पवित्र गुफा तक ले जाने वाले और सामान ढोने वाले कुली आदि सभी मुस्लिम संप्रदाय के होते हैं। उनके लिए आर्थिक संबल प्रदान करने वाली इस यात्रा का वे साल भर इंतजार करते हैं। श्रद्धालुओं की सेवा में लगे लंगर वालों के चेहरे पर किसी धर्म या जाति के चिह्न नहीं, बल्कि शिव की भक्ति के भाव नजर आते हैं।
शुक्ल पक्ष में बढता है शिवलिंग 
 समुद्र तल से 13,600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित गुफा जम्मू-कश्मीर के उत्तर-पूर्व में है। 16मीटर चौडी और लगभग 11 मीटर लंबी यह गुफा भगवान शिव के प्रमुख तीर्थ स्थलों में से एक है। इस गुफा में प्राकृतिक हिमलिंग बनता है। गुफा में जगह-जगह से पानी टपकता रहता है, जिससे छोटे-बडे कई हिम खंडों का निर्माण हो जाता है। भगवान शिव का हिमलिंग प्राकृतिक रूप से ठोस बर्फ का होता है। शुक्ल पक्ष के दौरान इस हिमलिंग का आकार अपने आप बढने लगता है, जबकि कृष्ण पक्ष में चंद्रमा के आकार के साथ इसका आकार भी घट जाता है।
हर आम और खास के लिए है  यात्रा
बाबा बर्फानी की इस पवित्र यात्रा में सभी श्रद्धालु एक बराबर होते हैं। यहां कोई भी वीआईपी नहीं होता। सभी को १५ रुपये के यात्रा पंजीकरण के साथ ही यात्रा करनी होती है। ठहरने के लिए जम्मू और पहलगाम में सभी यात्रियों के लिए निशुल्क व्यवस्था होती है। इस बार से हेलीकॉप्टर का किराया २४५० रुपये होने की वजह से आम यात्री भी इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।

प्रकृति से मिलाप की यात्रा
 यात्रा की शुरुआत आधार शिविर जम्मू से होती है। जम्मू का मौसम धूप और गर्मी वाला होता है, वहीं जम्मू से ऊधमपुर की तरफ बढते हुए हवा में हल्की नमी का एहसास होने लगता है। यात्रा की औपचारिक शुरुआत पहलगाम से होती है। यात्रा मार्ग में पडने वाली शेष नाग झील नीले दर्पण के समान लगती है,वहीं लिद्दर दरिया की अनियंत्रित लहरें यात्रियों को अपना वेग दर्शाती हैं। पिस्सु टॉप की चढाई चढते हुए पहाडों की कठिन जिंदगी का अनुभव होता है। यहां आकर प्राकृतिक और आध्यात्मिक सुख का अनुभव होता है।

No comments:

Post a Comment